रामप्रकाश उपाध्याय ब्यूरो प्रमुख सिंगरौली दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल के एसी , पंखे और कूलर की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए अस्पतालों के नवीनीकरण की योजना करें शीघ्र तैयार – कलेक्टर
सिंगरौली |कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने हेतु कड़े निर्देश जारी किए।कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि रोगी कल्याण समिति की राशि का उपयोग पूरी दक्षता और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ किया जाए।
इस दौरान जिला अस्पताल में कार्यरत मैनपावर एजेंसी की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एजेंसी के कार्यों की विस्तृत जांच कर अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में यह भी कहा गया कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने उपलब्ध मानव संसाधनों के उचित प्रबंधन की बात कहते हुए निर्देश दिए जिला चिकित्सालय में उपलब्ध स्टाफ का पूरी दक्षता के साथ उपयोग करें । संवेदनशील वार्डों में पर्याप्त स्टाफ तैनात किया जाए और उनके निर्धारित शिफ्ट की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। कार्यों के निर्वहन में कोई भी लापरवाही की जाती हो तो सम्बंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करें।
चिकित्सालय की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वार्डों और शौचालयों की सफाई प्रातः काल में अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों को आवश्यक उपकरण और सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल के एसी , पंखे और कूलर की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को असुविधा न हो। बैठक में अस्पताल में संचालित कैंटीन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि कैंटीन का संचालन बेहतर ढंग से हो और मरीजों व उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित दर पर उपलब्ध कराया जाए।
यह सुनिश्चित करें कि चिकित्सालय में आम जनता को बेहतर पार्किंग सुविधा मिले इससे संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करें।
साथ ही चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की उपलब्धता बनी रहे इसकी नियमित मॉनिटरिंग भी करें। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन को जिला चिकित्सालय के प्रति अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन पूरी सक्रियता के साथ करने हेतु निर्देशित किया। चिकित्सालय के व्यवस्था और बेहतर बनाने के साथ साथ रेनोवेशन हेतु वर्क प्लान भी तैयार किया जाए ।
बैठक में उपस्थित सिंगरौली विधायक श्री शाह ने अपना सुझाव दिया कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखे। स्टाफ और सफाई कर्मियों के भुगतान समय पर करे। इसके साथ ही वाहन चालकों के मानदेय और स्टाफ ड्यूटी रूम की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। अंत विधायक द्वारा मरीजों को बिना किसी परेशानी के बेहतर और सुगम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि, आरएमओ, अस्पताल प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







