हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो
पीलीभीत। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जब एक महिला पर अपने ही पति पर तेजाब फेंकने का आरोप लगा। घटना के बाद गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना खैरुल्लाह शाह मोहल्ले की बताई जा रही है। यहां रहने वाले हेमंत (35) का विवाह वर्ष 2020 में लखीमपुर की रहने वाली शिल्पी (32) से हुआ था। दोनों के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था और तलाक का मामला भी न्यायालय में लंबित है। बताया जा रहा है कि रविवार शाम महिला अचानक हेमंत के घर पहुंची, जहां दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पीड़ित के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन महिला पुलिसकर्मी के अभाव में वापस लौट गई। इसके कुछ ही देर बाद महिला ने कथित तौर पर घर में जबरन प्रवेश किया और ऊपर की मंजिल तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान उसने गेट के बाहर से तेजाब फेंक दिया, जिससे हेमंत बुरी तरह झुलस गए। हमले के बाद घायल हेमंत को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, वह 25 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं। बताया जा रहा है कि तेजाब के छींटे महिला पर भी पड़े, जिससे वह भी हल्की रूप से घायल हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमले की पूरी वारदात कैद होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पत्नी द्वारा पहले दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया था, जबकि पति ने पत्नी पर अन्य आरोप लगाए हैं। शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं और पारिवारिक विवाद के इस खतरनाक अंजाम पर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







