टोल प्लाजा बना रणभूमि! किसान यूनियन भानू का ‘बिगुल’—बैरियर उखाड़ घंटों तक फ्री कराया रास्ता, मैनेजर ने जोड़े हाथ

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम

पूरनपुर। पीलीभीत-शाहजहांपुर हाईवे पर स्थित खुटार के हिटोटा टोल प्लाजा पर उस समय जबरदस्त बवाल मच गया जब टोल कर्मियों की कथित दबंगई का सामना भारतीय किसान यूनियन भानू से हो गया। एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते ऐसा उग्र रूप ले लिया कि पूरा टोल प्लाजा जंग के मैदान में तब्दील हो गया। गाड़ियों की लंबी कतारें, नारेबाजी और गुस्से से उबलते किसान—मंजर ऐसा था मानो सिस्टम के खिलाफ सीधा विद्रोह छिड़ गया हो।
बताया जा रहा है कि पूरनपुर निवासी और यूनियन के तहसील मीडिया प्रभारी सबलू खान के साथ टोल कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार कर दिया। आरोप है कि मैनेजर समेत स्टाफ ने न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया। बस फिर क्या था, यह खबर आग की तरह फैली और कुछ ही देर में किसान यूनियन के सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
जिला अध्यक्षों और मंडल नेतृत्व की अगुवाई में पहुंचे किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उन्होंने बिना किसी देरी के टोल के बैरियर खुलवा दिए और ऐलान कर दिया कि जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, एक भी वाहन से टैक्स नहीं लिया जाएगा। देखते ही देखते टोल पूरी तरह फ्री हो गया और वाहन चालकों को बिना शुल्क निकाला जाने लगा। यह नजारा देखकर टोल प्रबंधन के होश उड़ गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन किसानों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा था। हर तरफ एक ही आवाज गूंज रही थी—“अपमान का जवाब मिलेगा, कार्रवाई के बिना नहीं हटेंगे!” दबाव बढ़ता गया और आखिरकार टोल मैनेजर को झुकना पड़ा।
यूनियन नेताओं के सामने मैनेजर ने सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ही किसानों का गुस्सा शांत हुआ और प्रदर्शन खत्म हुआ। कई घंटों तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद टोल संचालन फिर से सामान्य हो सका, लेकिन यह घटना टोल प्रबंधन के लिए बड़ी चेतावनी बन गई है कि अब मनमानी नहीं चलेगी।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment