दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/9131419735
तिल्दा-नेवरा में 14-15 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क लगाया जा रहा टीका, अभिभावकों से अपील
तिल्दा-नेवरा। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष सिन्हा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह वैक्सीन शासन द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा, खरोरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बंगोली एवं खैरखुट में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लगाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैक्सीन को लेकर फैली भ्रांतियां निराधार हैं और इससे भविष्य में गर्भधारण पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। डॉ. सिन्हा ने बताया कि यह अभियान मुख्य रूप से 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए संचालित है और यह टीका एचपीवी के टाइप-16 एवं 18 से सुरक्षा प्रदान करता है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं, साथ ही टाइप-6 एवं 11 से भी बचाव करता है। सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से में विकसित होने वाला कैंसर है, जिसका मुख्य कारण एचपीवी संक्रमण है। धूम्रपान, कम उम्र में विवाह व गर्भधारण, बार-बार प्रसव तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली इसके जोखिम को बढ़ाते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ स्कूल स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए और अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व की सही जानकारी दी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि टीकाकरण से पूर्व लाभार्थी किशोरी खाली पेट न हो और अभिभावकों की ओटीपी आधारित या लिखित सहमति अनिवार्य रूप से ली जाए, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस अभियान का लाभ उठा सकें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







