खुर्जा में बर्थडे पार्टी बनी मौत का मंजर केक लगाने के विवाद में जिम के अंदर ताबड़तोड़ फायरिंग एक ही परिवार के तीन युवकों की हत्या

SHARE:

बुलंदशहर (खुर्जा) दैनिक केसरिया हिंदुस्तान ब्यूरो | मोहम्मद इरफान

जनपद बुलंदशहर खुर्जा नगर के नेहरुपुर चुंगी स्थित शुभाष रोड पर एक जिम में जन्मदिन की पार्टी उस समय खूनखराबे में बदल गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, जिम में केक काटने के दौरान एक-दूसरे को केक लगाने की रस्म चल रही थी, तभी यह मजाक एक व्यक्ति को इतना नागवार गुजरा कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी जीतू सैनी इस बात से क्षुब्ध हो गया था कि उसके चेहरे पर केक लगाया गया। इसी बात को लेकर उसने अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों को बुलाकर जिम के अंदर ही गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही तीन युवकों को मौत के घाट उतार दिया गया।
मृतकों की पहचान मनीष सैनी (सभासद संजय सैनी के भाई), उनके चचेरे भाई अमरदीप सैनी और भतीजे आकाश सैनी के रूप में हुई है। तीनों को सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डीआईजी मेरठ जोन, कैलानिधि नैथानी ने बताया कि इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।
फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment