– कलेक्ट्रेट परिसर में भड़का जनाक्रोश, सिस्टम को मिली खुली चुनौती
बांदा। गाजीपुर की दिल दहला देने वाली घटना और उसके बाद पूर्व मंत्री पर हुए हमले ने जिले में ऐसा आक्रोश भड़काया कि सड़कों पर गुस्सा सिर्फ दिखाई ही नहीं दिया बल्कि महसूस भी हुआ और कलेक्ट्रेट परिसर एक तरह से विरोध का रणक्षेत्र बन गया। विश्वकर्मा समाज के सैकड़ों लोग अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के बैनर तले एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में ज्ञापन था, लेकिन आवाज में सवाल,आखिर सिस्टम कब जागेगा?
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गाजीपुर के कटरिया गांव में नाबालिग लड़की के साथ हुई दरिंदगी और उसकी हत्या ने पूरे समाज को झकझोर दिया है। आरोप है कि वारदात को छिपाने के लिए शव को गंगा में बहा दिया गया। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना है, जिस पर अब तक कठोर कार्रवाई नहीं हुई है।
पूर्व मंत्री पर हमला, पुलिस की मौजूदगी पर सवाल
आक्रोश यहीं नहीं रुका। जब पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे, तो उन पर हमला हो गया। पुलिस की मौजूदगी में हुए पथराव में पूर्व मंत्री घायल हो गए और कई कार्यकर्ता भी चोटिल हुए। इस घटना ने कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन हालात को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने अपनी स्पष्ट मांगें रखते हुए कहा कि हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी हो, नाबालिग बेटी के दोषियों को फांसी की सजा और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए इसके साथ ही सुरक्षा आरोपी प्रधान प्रतिनिधि पर मुकदमा दर्ज हो और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए अन्यथा की स्थिति में
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो यह आक्रोश सड़कों से उठकर सत्ता के गलियारों तक पहुंचेगा। उनका कहना था कि यह केवल एक समुदाय का मुद्दा नहीं, बल्कि न्याय और सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल है, जिसे अब अनदेखा नहीं किया जा सकता।
इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासन के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ बढ़ता जन आक्रोश है, तो दूसरी तरफ कानून व्यवस्था को संभालने की जिम्मेदारी। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन मांगों पर कितनी तेजी और गंभीरता से कार्रवाई करता है, या यह आक्रोश और बड़ा रूप लेता है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







