नूंह, 17 अप्रैल -नीरज सोनी दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की नगर परिषदों व नगर पालिकाओं के वार्ड सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में उन्होंने स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन तथा अन्य बुनियादी सेवाओं की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी वार्ड सदस्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने-अपने वार्ड की समस्याओं की पहचान करें और उनका समयबद्ध समाधान करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से घर-घर कचरा संग्रहण की नियमित निगरानी, कचरे के पृथक्करण (सूखा व गीला कचरा) को बढ़ावा देने तथा शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि वार्ड समितियों की जिम्मेदारी केवल समस्याओं को उठाना ही नहीं, बल्कि उनके समाधान तक सक्रिय रूप से कार्य करना भी है। इसके साथ ही एमसी (नगर निकाय) के बजट का सही व पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनहित की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंच सके।
संवाद, जनभागीदारी व नियमित समीक्षा से ही योजनाएं होंगी सफल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वार्ड समितियों को स्थानीय नागरिकों के साथ निरंतर संवाद व समन्वय बनाए रखना चाहिए, ताकि लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि वार्ड समितियां लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें और उन्हें शहरों की साफ-सफाई में सहभागी बनाएं। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान जैसे कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वार्ड समितियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं और उनमें लिए गए निर्णयों की समय-समय पर समीक्षा व क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक वार्ड स्तर पर मजबूत निगरानी तंत्र और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी नहीं होगी, तब तक शहर स्तर की योजनाएं पूरी तरह सफल नहीं हो सकतीं। अंतत: वार्ड समितियां न केवल स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने में सहायक हैं, बल्कि नागरिकों को जिम्मेदार बनाकर एक सशक्त और जागरूक समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह फौगाट, सीएमजीजीए आयुष, नगरपालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, नगरपरिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, नगरपालिका पुन्हाना चेयरमैन बलराज सिंगला,गुलशन सलूजा, ईओ, नूंह, सचिव नूंह मुकेश, राजेश मेहता, सचिव झिरका, मनीष सहरावत में तावडू,
साहिल, सचिव पुन्हाना आदि मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







