कार्यशाला में प्रशाशन द्वारा जनगणना में सहयोग की अपील
हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान
आलीराजपुर (जोबट)। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत गुरुवार को स्थानीय खंड शिक्षा कार्यालय के सभागृह में एसडीएम वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के माध्यम से अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं गणमान्यजनों को जनगणना से संबंधित अहम जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, इसके महत्व एवं डेटा संग्रह की विधियों के बारे में विस्तार से समझाया। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जनगणना के आंकड़े शासन की विभिन्न योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए जनगणना का कार्य पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
*पूरी तरह से गोपनीय रहेगी जानकारी*
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे, जिसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, आयु, शिक्षा, रोजगार, आवास की स्थिति सहित अन्य सामाजिक व आर्थिक जानकारी से जुड़े लगभग 35 प्रश्न पूछे जाएंगे। आमजनों द्वारा दी गई समस्त जानकारी को पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।
*डिजिटल माध्यम से पहली बार स्व-गणना का विकल्प*
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में एक से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण फरवरी 2027 में संपन्न होगा। इस बार विशेष रूप से आम नागरिकों को पहली बार स्व-गणना का विकल्प दिया गया है। इसके तहत 16 से 30 अप्रैल 2026 तक नागरिक स्व-गणना वेब पोर्टल एवं एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना पोर्टल पर किस प्रकार स्वयं की गणना की जा सकती है इसके लिए ग्राफिक्स के माध्यम से भी समझाया गया। आगे बैठक में बताया गया कि स्व-गणना के पश्चात एक मई से घर घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य किया जाएगा जिसके लिए तहसील एवं नगर परिषद स्तर पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
*स्व-गणना हेतु प्रशाशन की अपील*
कार्यशाला में एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करें और आम जनता को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके। कार्यशाला में जनगणना प्रकिया से संबंधित सुझाव और समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई और अंत में सभी से जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग देने एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई।
*कार्यशाला में प्रमुख रूप से ये रहे उपस्थित*
कार्यक्रम में जोबट एसडीएम वीरेंद्र सिंह, तहसीलदार सुनील राणा, सीएमओ संतोष राठौड़, खंड शिक्षा अधिकारी रूगनाथ रावत, खंड स्त्रोत समन्वयक प्रवीण प्रजापत सहित प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, राजस्व अधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







