संजय रैकवार/दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत राजनगर केसिंग के पास देर रात हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल दो युवकों में से एक की उपचार के लिए जबलपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान अमजद पिता सपूत खान (30 वर्ष), निवासी सुल्तान मोहल्ला बजरिया तथा शरीफ पिता कलीम खान (28 वर्ष), निवासी सुल्तानी मोहल्ला के रूप में हुई। दोनों देर रात राजनगर केसिंग के पास गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया।
घायल अमजद की बहन साहबा ने बताया कि अमजद घर पर सो रहा था। इसी दौरान शरीफ उसे अपने साथ ले गया। कुछ देर बाद सूचना मिली कि दोनों युवक राजनगर केसिंग के पास घायल पड़े हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी नीतेश जैन, एएसआई अभय सिंह तथा आरक्षक नरेंद्र एवं आकाश मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घायलों से प्रारंभिक जानकारी लेकर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. आरिफ खान ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अमजद की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में जबलपुर टोल प्लाजा के पास उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को वापस जिला अस्पताल दमोह लाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विवाद के कारणों और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







