दमोह पुलिस ने लूटकांड का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, ₹8.50 लाख की संपत्ति बरामद

SHARE:

संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दमोह। देहात थाना क्षेत्र की नरसिंहगढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम सूखी पिपरिया में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का दमोह पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा एवं अन्य सामान सहित करीब ₹8.50 लाख की संपत्ति बरामद की गई है। वहीं, मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 4 जुलाई 2026 की देर रात फरियादी विजय जैन, निवासी ग्राम सूखी पिपरिया ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि चार अज्ञात बदमाश हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर मारपीट की और सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी सहित करीब ₹12.70 लाख की संपत्ति लूटकर फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट एवं साइबर टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और कई संदिग्धों से पूछताछ की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शंकर यादव एवं राहुल अहिरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने के हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की बेदी, दो सोने की अंगूठियां, दो चांदी की करधनी, एक चांदी की पायल, एक चांदी की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा एवं धारदार कटर बरामद किया है। बरामद सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹8.50 लाख बताया गया है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी, उपनिरीक्षक धर्मेंद्र गुर्जर, नीतेश जैन, विक्रम दांगी, प्रियंका पटेल सहित देहात थाना, साइबर सेल एवं पुलिस की विशेष टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई