संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दमोह। देहात थाना क्षेत्र के बलाकोट वन क्षेत्र में गुरुवार को तीन भालुओं के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान माधव आदिवासी (33 वर्ष) पिता मोहन आदिवासी, निवासी ग्राम बामनोदा, जिला सागर के रूप में हुई है। स्थानीय निवासी संजय गौड़ ने बताया कि माधव आदिवासी अपनी ससुराल ग्राम बोमबन जा रहे थे। इसी दौरान बलाकोट के पास तालाब के ऊपर जंगल से निकले तीन भालुओं ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, हाथ तथा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह युवक को भालुओं के चंगुल से छुड़ाया और लहूलुहान अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंची। बलाकोट वन परिक्षेत्र के सहायक संजय रायकवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भालुओं के हमले की पुष्टि हुई है। घायल को वन विभाग की ओर से नियमानुसार तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई है तथा घटना की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने भी मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र से गुजरते समय विशेष सतर्कता बरतें, अकेले आवागमन से बचें तथा वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







