नमामि गंगे योजना के ऑपरेटर पर हमला, तीन अज्ञात के खिलाफ तहरीर

SHARE:

बांदा।जनपद के जसपुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत रामपुर में मंगलवार की देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ नमामि गंगे पेयजल योजना के ऑपरेटर उमाकांत उर्फ संतोष यादव पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में ऑपरेटर घायल हो गए, जबकि वारदात को अंजाम देकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने जसपुरा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 11रू30 बजे ऑपरेटर संतोष यादव रोज की तरह ग्रामीण जलापूर्ति बंद करने के बाद कन्या पाठशाला के पास वाल्व लॉक करके पैदल अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लाल बहादुर यादव के खेत के समीप पहुंचे, तभी राम जानकी मंदिर तालाब की दिशा से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां आ धमके। पीड़ित का आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे एक युवक ने उन पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों के डंडे में तार फंसा हुआ था, जो वार करते समय संतोष यादव की शर्ट में उलझ गया और झटका लगने से हमलावर के हाथ से छूट गया। इस हमले के कारण संतोष यादव जमीन पर गिर पड़े और उन्हें काफी चोटें आईं।बदमाशों ने भागने से पहले पीड़ित के साथ जमकर गाली-गलौज की और तांगा मऊ मार्ग की तरफ रफूचक्कर हो गए। जाते-जाते हमलावरों ने उन्हें खौफनाक अंदाज में धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर तीनों संदिग्ध एक ही बाइक पर सवार होकर भागते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बदमाशों के हाथों में डंडे हैं। हालांकि, रात के वक्त बाइक की हेडलाइट बेहद तेज होने के कारण हमलावरों के चेहरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। इस मामले में जसपुरा थाने के हल्का इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर धर्मराज ने बताया कि पीड़ित संतोष यादव की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को बारीकी से खंगाल रही है। जल्द ही आरोपियों की शिनाख्त कर उनके खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment