मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ जिले के विकास के लिए की महत्वपूर्ण घोषणाएं सारंगपुर, पचोर एवं भैंसवा माता लोक के विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान ब्यूरो
देवीलाल कुशवाह राजगढ़
राजगढ़ 30 जून, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के विकास को नई दिशा देने वाली अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से सारंगपुर, पचोर एवं आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क तथा नगरीय विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घोषणा करते हुए कहा कि सारंगपुर नगर में रेडेंसिफिकेशन योजना के अंतर्गत जीर्ण-शीर्ण शासकीय भवनों एवं आवासों का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही शासन संधारित अंबे माता मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे और अधिक आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नवीन स्वीकृत फोर लेन मार्ग के समीप हाउसिंग बोर्ड द्वारा आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में सुनियोजित नगरीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पचोर एवं सारंगपुर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न सड़कों का निर्माण कराने की घोषणा भी की। साथ ही सारंगपुर – संडावता मार्ग पर उतावली नदी पर नवीन पुल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। उन्होंने करौंदी से हीरापुरा तक लगभग दो किलोमीटर सड़क निर्माण सहित क्षेत्र के अन्य आवश्यक मार्गों के निर्माण की भी घोषणा की। धार्मिक एवं पर्यटन विकास को प्रोत्साहन देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भैंसवा माता लोक के विकास, निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ – साथ क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की इन घोषणाओं से जिले के नागरिकों में उत्साह का वातावरण है तथा इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, बेहतर आवागमन और धार्मिक पर्यटन को व्यापक बढ़ावा मिलने की अपेक्षा है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment