हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान
आलीराजपुर। विकासखंड कट्ठीवाड़ा की ग्राम पंचायत अकोला में जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 का जिला स्तरीय समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी बाई खरत, कलेक्टर नीतू माथुर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि “जहां जल है वहां वृक्ष हैं और जहां वृक्ष हैं वहां हरियाली है”, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों की सुरक्षा को समय की आवश्यकता बताते हुए ग्रामीणों से जल संरचनाओं की देखभाल एवं वृक्षारोपण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों और आमजन के हित में अनेक योजनाएं संचालित कर रही है तथा जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक जल संरचना के निर्माण या संरक्षण में योगदान देने तथा किसानों से ड्रिप सिंचाई और कम पानी वाली फसलों को अपनाने की अपील की।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम ने अभियान की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि जिले में 1007 खेत तालाब, 3282 डगवेल रिचार्ज, 17 अमृत सरोवर, 171 बोरी बंधान, 26 बावड़ियों का जीर्णोद्धार तथा 101 तालाब एवं स्टॉप डैमों का गहरीकरण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पेयजल गुणवत्ता परीक्षण, पौधारोपण और जनजागरूकता से जुड़े व्यापक कार्य किए।
समापन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश वाचन किया गया, जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा जिले की छह जनपद पंचायतों की 30 ग्राम पंचायतों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने पौधारोपण भी किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







