स्थानीय संपादक बंटी सोनी दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
श्योपुर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन समारोह विकासखण्ड श्योपुर की ग्राम पंचायत मठेपुरा के ग्राम चौंडपुर स्थित बावडी पर आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र जाट, ग्राम पंचायत के सरपंच श्रीमती ललिता वैष्णव, सीईओ जनपद एसएस भटनागर, परियोजना अधिकारी विक्रम जाट, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू गौतम सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच, अन्य पचायत पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहें।
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, सचिवों एवं अन्य अधिकारियों को प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
चौंडपुर बावडी पर आयोजित जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सौम्या आनंद ने कहा कि गत 19 मार्च से जारी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत खेत तालाब, डगबैल रिचार्ज, कुए एवं बावडियों के जीर्णोद्धार, अमृत सरोवर, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम आदि जल संरक्षण के कार्य किये गये है, जिसमें पंचायतों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समूह की महिलाओं तथा पंचायत विभाग के अमले की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। इसके अंतर्गत जिले में 2536 कार्य पूर्ण कर लिये गये है। उन्होने कहा कि साढे तीन माह तक चले इस अभियान के तहत जिले में सैकडो जल संरचनाओं को पुर्नजीवन प्रदान करने का कार्य किया गया है। पुराने कुओं को रिचार्ज करने के साथ ही बावडियों की साफ-सफाई कर उन्हें उपयोगी बनाया गया है। अभियान से प्राचीन कुएं, बावडियों के स्वरूप में निखार आया है। अभियान के तहत लगभग 20 बावडियों एवं कुओं का रिनोवेशन कार्य पूर्ण किया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 से वीबी जी राम जी योजना का शुभारंभ हो रहा है, जिसमें 318 प्रकार के कार्य कराये जाने का प्रावधान किया गया है।
पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय ने कहा कि अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण के कई कार्य संपन्न हुए है, उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है, इसी अवधारणा पर हमारे पूर्वजों द्वारा तत्कालीन विषम परिस्थितियों में भी कुए एवं बावडियों जैसी जल संरचनाओं का निर्माण कराकर जल संरक्षण के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की है, हमारा कर्तव्य है कि हम जल संरचनाओं को सहेजने के लिए अपना दायित्व निभायें। जल संरचनाओं का संरक्षण करें तथा स्वच्छता बनाये रखने में अपनी भूमिका का निर्वहन करें।
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र जाट ने कहा कि जीवन के लिए जल महत्वपूर्ण है, यह प्रकृति का बडा उपहार है, हमारा नैतिक दायित्व है कि जल संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करें, जल ही जीवन का आधार है और हमारी समृद्धि का भी आधार है। जल संरक्षण में सभी की सहभागिता आवश्यक है, हमें अपने व्यवहार में जल संरचनाओं की स्वच्छता, संरक्षण और रख-रखाव को शामिल करना होगा।
कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह तथा आभार प्रदर्शन सीईओ जनपद एसएस भटनागर द्वारा व्यक्त किया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत रिनोवेट कराई गई चौंडपुर बावडी स्थित भगवान शंकर जी की प्रतिमा पर पूजन-अर्चन एवं जल चढाकर की गई। इसके साथ ही बावडी का अवलोकन किया गया। पंचायत की ओर से सभी अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन
जिला स्तरीय समापन समारोह के दौरान पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय द्वारा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि प्रदेश में 3.62 लाख जल संरक्षण के कार्य अभियान के तहत संपन्न हुए है, जिसमें खेत तालाब, कूप रिचार्ज, अमृत सरोवर, चैकडैम, जलाशयों का जीर्णोद्धार, रैन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण सहित जल स्त्रोत एवं नदी संरक्षण के जन जागरूकता कार्य शामिल है।
अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरपंच, सचिव सम्मानित
जल गंगा संवर्धन अभियान के जल संरचनाओं के निर्माण, जीर्णोद्धार के उत्कृष्ट कार्य करने के लिए ग्राम पंचायत रायपुरा की सरपंच श्रीमती रामलेखा मीणा, सोईकलां सरपंच श्री हरि सिंह मीणा, मठेपुरा सरपंच श्रीमती ललिता बाई, सोठवा सरपंच श्रीमती वर्मा बाई, बागल्दा सरपंच श्रीमती इशरत बानो, मदनपुर सरपंच सूरबाई भिलाला, बरगवा सरपंच श्री पुनिया पटेलिया, सेसईपुरा सरपंच वीर सिंह आदिवासी, अर्रोद सरपंच राजेश कुमार गोयल, सिरोंनी सरपंच अरूण सुहाने, सुनवई सरपंच रामकुमार आदिवासी सहित इन पंचायतों के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक तथा कोठारी वाले बाबा स्वसहायता समूह गसवानी की अध्यक्ष श्रीमती पूजा, सावन माता स्वसहायता समूह बरगवा की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता आदिवासी, माताजी स्वसहायता समूह लहचौडा की अध्यक्ष श्रीमती राजंती बाई को प्रशस्ती पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जल संरक्षण के प्रति जन जागरूकता के लिए जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती नीतू गौतम को भी प्रशस्ती पत्र प्रदान किये गये।
अभियान के तहत 2536 कार्य पूर्ण किये गये
समापन समारोह के दौरान परियोजना अधिकारी विक्रम जाट ने बताया कि श्योपुर जिले में अभियान के तहत 2536 कार्य पूर्ण किये गये है, जिनमें खेत तालाब के 566, डगवैल रिचार्ज के 106, पीएमकेएसवाय वाटरशैड के 36, एसबीएम अंतर्गत स्कूलों में पानी की टंकी की साफ-सफाई के 125, प्राचीन बावडियों एवं कूप के नवीनीकरण के 20, तालाबो में डिस्लिटिंग के कार्य 180, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग के 231 तथा पूर्व से प्रगतिरत जल संरक्षण के 1272 कार्य शामिल है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 236 स्थानों पर शीतल जल के लिए प्याऊ की स्थापना की गई।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







