मोटरसाइकिल चोर गिरोह पर पनियरा पुलिस का शिकंजा, तीन शातिर गिरफ्तार, तीन चोरी की बाइक बरामद

SHARE:

रामचंद्र रावत
केसरिया हिंदुस्तान/ब्यूरो प्रभारी महाराजगंज

महराजगंज। जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पनियरा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों का संबंध पनियरा और श्यामदेउरवा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों से पाया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में गुरुवार को पनियरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम बाकी बंधा नहर तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर तीन युवकों पर पड़ी, जो अलग-अलग मोटरसाइकिलों के साथ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रोककर पूछताछ की और वाहनों के दस्तावेजों की जांच की, तो उनके जवाब संतोषजनक नहीं मिले। इसके बाद वाहन सत्यापन कराया गया, जिसमें खुलासा हुआ कि तीनों मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और इनके संबंध में थाना पनियरा तथा थाना श्यामदेउरवा में मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद पुलिस ने तत्काल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय जायसवाल पुत्र गंगाराम जायसवाल निवासी ग्राम सतगुर थाना पनियरा, जलालु पुत्र स्वर्गीय गुलाब निवासी ग्राम कुआचांप थाना पनियरा तथा राजा बाबू पुत्र यासीन निवासी ग्राम कुआचांप थाना पनियरा के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े वाहन चोर गिरोह से तो नहीं है तथा इनके द्वारा चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलें कहां बेची गईं।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने चोरी की घटनाओं के खुलासे पर पनियरा पुलिस की सराहना की है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment