मनेन्द्रगढ़ में भाजपा की प्रेस वार्ता, आपातकाल को बताया लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़

भाजपा जिला कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस शासनकाल में लगाए गए आपातकाल को लोकतंत्र पर सबसे बड़ा कुठाराघात बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय है, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। कृष्ण बिहारी जायसवाल ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए देश पर आपातकाल थोप दिया था। इस दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को कुचला गया, विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया गया और प्रेस की स्वतंत्रता पर भी गंभीर प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी की थी।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लाखों लोगों के मौलिक अधिकार छीन लिए गए थे। विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी नीतियां अपनाई गईं और देश में भय का माहौल बनाया गया। भाजपा नेता ने कहा कि आज भी कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की बात करती है, लेकिन इतिहास गवाह है कि लोकतांत्रिक मूल्यों को सबसे अधिक नुकसान कांग्रेस शासन में ही पहुंचा था।जायसवाल ने कहा कि भाजपा देश की जनता को आपातकाल की वास्तविकता से अवगत कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है, ताकि नई पीढ़ी लोकतंत्र की रक्षा के महत्व को समझ सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों को सतर्क और जागरूक रहना आवश्यक है। प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की वर्तमान राजनीतिक कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस आज भी परिवारवाद और सत्ता केंद्रित राजनीति से बाहर नहीं निकल पाई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्ध है तथा देशहित सर्वोपरि रखने की नीति पर कार्य कर रही है।प्रेस वार्ता में आपातकाल की बरसी के अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को भी स्मरण किया गया।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment