जितेन्द्र कुमार शर्मा
संवाददाता पूरनपुर/पीलीभीत
दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
पूरनपुर, 24 जून 2026।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (रजि.) तहसील इकाई पूरनपुर, जनपद पीलीभीत द्वारा बिहार के भोजपुर निवासी भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर को सौंपा गया।ज्ञापन में कहा गया कि भरत तिवारी की मृत्यु से संबंधित परिस्थितियां अनेक गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं। विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पण की स्थिति के बाद एनकाउंटर किए जाने संबंधी बातें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच आवश्यक प्रतीत होती है।
महासभा ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाए, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का निष्पक्ष रूप से परीक्षण हो सके तथा सत्य जनता के सामने आ सके। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय, सुरक्षा एवं आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच के दौरान कोई पुलिस अधिकारी अथवा प्रशासनिक कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कानून का शासन, मानवाधिकारों का संरक्षण एवं न्यायिक प्रक्रिया का पालन सर्वोपरि है और किसी भी नागरिक को न्याय दिलाना शासन एवं प्रशासन की जिम्मेदारी है।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने आशा व्यक्त की है कि इस संवेदनशील प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष हरगोविंद बाजपेई, तहसील महामंत्री नवनीत मिश्रा, तहसील उपाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, सुनील मिश्रा, हरिओम पाण्डेय, संजय पाण्डेय, संजय मिश्रा, तहसील मंत्री रजनीश पाण्डेय, मानस शुक्ला, नगर अध्यक्ष गौरव पाण्डेय, नगर महामंत्री विवेक तिवारी, गौरव दीक्षित, अनुपम पाण्डेय, तनु मिश्रा व अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







