तालाब में युवती का शव मिलने से सनसनी, स्कूटी और मोबाइल बरामद, युवक की तलाश जारी

SHARE:

संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान

दमोह। देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत भैरोबहर-राजनगर स्थित बुंदेला बाबा मंदिर के समीप तालाब में एक युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम मंदिर में आयोजित भंडारे में पहुंचे लोगों ने तालाब में एक युवती का शव तैरता देखा। इसके बाद डायल-112 और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर देहात थाना प्रभारी अमित गौतम, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एएसआई अक्षेंद्रनाथ, प्रधान आरक्षक रामकुमार, रूपेश, हेमराज सहित पुलिस एवं एसडीईआरएफ की टीम पहुंची।
पुलिस को घटनास्थल से एक स्कूटी, मोबाइल फोन, युवती की चप्पल तथा एक युवक की चप्पल बरामद हुई। स्कूटी की डिग्गी में मिले पर्स के आधार पर मृतका की पहचान सत्या पिता कैलाश (20 वर्ष), निवासी कटनी के रूप में की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शव गृह में सुरक्षित रखवा दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में हत्या, आत्महत्या तथा प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से युवक के भी साथ होने की आशंका जताई जा रही है, जो फिलहाल लापता बताया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम राजनगर तालाब में दोबारा सर्च अभियान चलाकर युवक की तलाश करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment