टीकमगढ़। किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की सक्रिय निगरानी और त्वरित पहल का सकारात्मक परिणाम अब हरपुरा नहर पर दिखाई देने लगा है। पिछले वर्ष अतिवृष्टि के दौरान क्षतिग्रस्त हुई 48 किलोमीटर लंबी हरपुरा नहर के मरम्मत कार्य को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया, जिसके चलते अब नहर का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य भी आगामी एक सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद है।
गत वर्ष भारी बारिश के कारण गौर क्षेत्र के कोडिया जंगल के समीप नहर लगभग 280 फीट लंबाई में टूट गई थी, जबकि मोहनगढ़ फीडर तालाब के पास करीब 30 फीट हिस्से में कटाव हो गया था। इससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने 13 अप्रैल को स्वयं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और तत्काल मरम्मत कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देशों के बाद विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य शुरू किया। वर्तमान स्थिति में गौर-कोडिया जंगल क्षेत्र में 280 फीट लंबे क्षतिग्रस्त हिस्से का भराव और पुनर्निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा कर लिया गया है। वहीं मोहनगढ़ फीडर तालाब के समीप 30 फीट लंबे कटाव वाले हिस्से की मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने स्पष्ट किया है कि बारिश शुरू होने से पहले नहर का संपूर्ण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, प्रशासन सिंचाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
क्षेत्र के किसानों का मानना है कि समय रहते प्रशासन की सक्रियता से नहर का पुनर्निर्माण संभव हो पाया है। यदि मरम्मत कार्य में देरी होती तो आगामी खरीफ सीजन में सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। कलेक्टर की सतत मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय के कारण अब किसानों को समय पर सिंचाई जल उपलब्ध होने की उम्मीद बढ़ गई है।
हरपुरा नहर क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण जीवनरेखा मानी जाती है। ऐसे में नहर की समय पर मरम्मत न केवल किसानों के लिए राहत भरी खबर है, बल्कि यह प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली और विकास कार्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का भी उदाहरण बनकर सामने आई है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







