दैनिक केसरिया हिंदुस्तान फैसल कुरैशी
अड़ूकी (मथुरा)। अधिक मास में 84 कोस परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से ग्राम अड़ूकी स्थित परिक्रमा मार्ग पर भाजपा नेत्री एवं प्रमुख समाजसेवी श्रीमती सविता सिंह सौरौत द्वारा स्थापित सेवा शिविर लगातार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा हुआ है। शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिक्रमार्थी पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर में स्नान, शौच, चाय-पानी, नाश्ता, भोजन, विश्राम, प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह शिविर राहत और सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।
श्रीमती सविता सिंह सौरौत ने बताया कि धार्मिक यात्राओं में शामिल श्रद्धालुओं की सेवा करना भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है। इसी भावना के साथ यह सेवा शिविर निरंतर संचालित किया जा रहा है ताकि परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अन्य स्थानों पर भी सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि समाज सेवा और धर्म सेवा उनके जीवन का प्रमुख उद्देश्य है। महिलाओं के उत्थान, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बेटियों के विवाह और विभिन्न सामाजिक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक आयोजनों में भी वह निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।
शिविर में पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और लंबी पदयात्रा के बीच यह सेवा केंद्र परिक्रमार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।
उल्लेखनीय है कि शिविर के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय लोगों ने श्रीमती सविता सिंह सौरौत का चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मान किया था। वर्तमान में भी शिविर पूरी सक्रियता के साथ संचालित हो रहा है और प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुओं को सेवा एवं सहयोग प्रदान कर रहा है।
इस अवसर पर भावना, सुनीता, राकेश प्रधान, संजीव पचहरा, राजू, जितेन्द्र पहलवान, हरेन्द्र तोमर, पवन कुमार प्रधान, राधेश्याम गिरी, रामवीर सिंह बिष्ट, राकेश नौटियाल सहित अनेक गणमान्य लोग सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







