हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो
राहुल गांधी ने लखनऊ एयरपोर्ट पर परिजनों से की मुलाकात, CBI जांच की मांग को दिया समर्थन; ढाई महीने बाद भी SIT रिपोर्ट सार्वजनिक न होने पर उठे सवाल
पीलीभीत। बदायूं स्थित HPCL प्लांट में डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या के मामले ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को लखनऊ एयरपोर्ट पर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले में न्याय दिलाने और सीबीआई जांच की मांग को समर्थन देने का भरोसा दिया। करीब ढाई महीने पहले हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड में अब तक SIT की रिपोर्ट सार्वजनिक न होने से परिवार में भारी नाराजगी है। बंद कमरे में हुई मुलाकात के दौरान परिजनों ने राहुल गांधी को बताया कि जांच के लिए गठित एसआईटी को 16 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी थी, लेकिन आज तक न रिपोर्ट सामने आई और न ही परिवार को जांच की प्रगति की जानकारी दी गई। परिवार की ओर से वैभव मिश्रा ने कहा कि हर्षित मिश्रा की हत्या के पीछे की सच्चाई अब तक सामने नहीं आ सकी है। उन्होंने मामले की CBI जांच कराए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि परिवार को निष्पक्ष जांच पर भरोसा तभी होगा जब केंद्रीय एजेंसी पूरे मामले की पड़ताल करेगी। राहुल गांधी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी न्याय की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं यूपी प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पीलीभीत कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह छब्बा, बदायूं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। हर्षित मिश्रा हत्याकांड को लेकर अब प्रदेश की राजनीति भी गरमाने लगी है। कांग्रेस नेताओं ने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







