गांधीनगर स्थित चिल्ड्रन्स रिसर्च यूनिवर्सिटी (C.R. University), गुजरात द्वारा बच्चों के समग्र विकास, संस्कार शिक्षा एवं प्रकृति आधारित जीवन मूल्यों को लेकर किए जा रहे कार्यों के संदर्भ में श्रीकृष्णायन – आदर्श गौशाला, ग्वालियर की गतिविधियों की विशेष सराहना की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. टी.एस. जोशी जी ने आदर्श गौशाला के विभिन्न सेवा, संस्कार एवं प्रकृति आधारित प्रकल्पों का विश्वविद्यालय में उपस्थित सभी शिक्षाविदों एवं सदस्यों के साथ साझा किया तथा गौशाला को एक श्रेष्ठ “संस्कार शाला” के रूप में विकसित प्रेरक मॉडल बताया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को ऐसे भविष्य के लिए तैयार करना आवश्यक है, जहाँ आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं प्रकृति के प्रति प्रेम का संतुलित विकास हो। विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न बाल विकास एवं संस्कार आधारित प्रकल्पों का भी अवलोकन कराया गया।
बैठक के दौरान गर्भाधान संस्कार, बाल संस्कार, भारतीय संस्कृति एवं विज्ञान आधारित शिक्षा प्रणाली पर विशेष चर्चा हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. टी.एस. जोशी जी ने ग्वालियर में श्रीकृष्णायन के समन्वयन से “संस्कार एवं प्रकृति आधारित बाल विकास प्रकल्प” में सहयोग प्रदान करने की सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर यह विचार विशेष रूप से सामने आया कि माता-पिता का आदर्श आचरण ही श्रेष्ठ संतानों के जन्म एवं उनके उज्ज्वल संस्कारों का आधार है, और संस्कारित एवं जागरूक बच्चों से ही राष्ट्र के सशक्त एवं समृद्ध भविष्य का निर्माण संभव है l
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







