केसरिया हिन्दुस्तान से रघुनाथ सेन
स्वास्थ्य कर्मियों ने ली डेंगू उन्मूलन की शपथ, जागरूकता गतिविधियों पर दिया जोर
धार,16 मई 2026। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं जिला स्वास्थ्य समिति (एन.वी.बी.डी.सी.पी.) जिला धार के निर्देशानुसार, आज 16 मई को “राष्ट्रीय डेंगू दिवस” के अवसर पर महाराजा बख्तावर सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाकानेर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनीता सिंगारे विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी घातक बीमारियों के नियंत्रण और रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से शपथ ली।
इसी प्रकार जिले में भी विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू उन्मूलन की शपथ दिलाई गई।बाकानेर स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने अपना दाहिना हाथ आगे बढ़ाकर समाज में स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरों के जनन स्रोतों को नष्ट करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अनीता सिंगारे ने राष्ट्रीय वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डेंगू से बचाव और सतर्कता पर विशेष बल दिया। उन्होंने मैदानी स्टाफ को निर्देशित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आशा और एएनएम के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को ठहरे हुए पानी के खतरों के प्रति सचेत किया जाए। घरों के आसपास, कूलरों, पानी की टंकियों, पुराने टायरों और गमलों में पानी जमा न होने दें, क्योंकि ठहरे हुए साफ पानी में ही डेंगू का मच्छर (एडीज) पनपता है। “पानी ठहरेगा जहाँ-जहाँ, मच्छर पनपेंगे वहाँ-वहाँ” के संदेश को प्रत्येक नागरिक तक पहुँचाया जाए।
डॉ. सिंगारे ने बताया कि शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क है। तेज बुखार, जोड़ों में दर्द या आंखों के पीछे दर्द होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







