दैनिक केसरिया हिंदुस्तान पंकज जैन
अम्बाह । मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति करीब 5 फीट लंबे पीले-भूरे रंग के सांप को बिना किसी डर के साबुन लगाकर नहलाता नजर आ रहा है। इस अनोखे दृश्य को देखकर लोग हैरान हैं और वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति पानी की टंकी के पास खड़ा है और सांप को हाथ में उठाकर उस पर साबुन लगाता है। इसके बाद वह सिर से लेकर पूंछ तक सांप को रगड़-रगड़ कर साफ करता दिखाई देता है। पूरा दृश्य ऐसा प्रतीत होता है मानो वह किसी रस्सी को धो रहा हो।
हैरानी की बात यह है कि पूरे समय सांप बिल्कुल शांत नजर आता है। वह व्यक्ति के हाथों में इधर-उधर घूमता रहता है, लेकिन किसी प्रकार का हमला या आक्रामक व्यवहार नहीं करता। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
हालांकि वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी सांप को इस तरह हाथ में लेना या उसके साथ छेड़छाड़ करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। सांप जहरीला हो या न हो, ऐसी हरकत जानलेवा साबित हो सकती है। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वायरल वीडियो देखकर इसकी नकल करने की कोशिश न करें।
यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। वन्यजीवों के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ न केवल खतरनाक है बल्कि कई मामलों में कानूनी रूप से भी प्रतिबंधित हो सकती है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







