(प्रदीप तिवारी संभागीय ब्यूरो दैनिक केसरिया हिंदुस्तान)
सिंगरौली।जिले में कार्यरत एजुकेट गर्ल्स संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए संस्था का कोई वैध एम.ओ.यू. (M.O.U.) उनके कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में संस्था को पूर्व में पत्र भेजकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक वैध एम.ओ.यू. जमा नहीं किया गया है। डीपीसी के अनुसार संस्था द्वारा जो दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं, वे केवल जनजातीय कार्य विभाग (ट्राइबल विभाग) से संबंधित हैं।
डीपीसी ने कहा कि बिना वैध एम.ओ.यू. के एजुकेट गर्ल्स संस्था को जिले के शासकीय विद्यालयों में कार्य करने की अनुमति नहीं है। यदि संस्था का कोई प्रतिनिधि किसी भी विद्यालय में गतिविधियां संचालित करते पाया जाता है, तो इसकी जानकारी जिला कलेक्टर को भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि संस्था द्वारा विद्यालयों के स्कॉलर रजिस्टर से विद्यार्थियों की जानकारी लेना नियमों के अनुरूप नहीं है। यदि कोई प्रधानाध्यापक या विद्यालय का अधिकारी संस्था को इस प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डीपीसी ने सभी विद्यालय प्रभारियों को निर्देशों का पालन करने और बिना सक्षम अनुमति किसी भी संस्था को विद्यार्थियों की जानकारी उपलब्ध न कराने की सलाह दी है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







