केसरिया हिंदुस्तान सचिन दीक्षित गंजबासौदा
गंज बासौदा — सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने विद्युत उपभोक्ताओं के साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अनुभा जैन को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद आ रहे भारी भरकम बिजली बिलों के विरोध में दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि जिन उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उन्हें हर महीने खपत से कहीं ज्यादा बिल मिल रहे हैं। इससे उपभोक्ता बेहद परेशान हैं।
उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन उनका समय पर निराकरण नहीं हो रहा है, जिससे उनकी परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं, जिनके हाथों में ‘स्मार्ट मीटर न लगाए जाएं’ लिखी तख्तियां थीं।
कांग्रेस पार्टी ने मध्य प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। इसके अलावा, बिजली कंपनी की अन्य अनियमितताओं की भी शिकायत की गई, जैसे मेंटेनेंस के बावजूद शहर में लगातार बिजली कटौती और सड़कों पर लटकते बिजली के तार।
इस अवसर पर मौजूद पूर्व विधायक निशंक कुमार जैन ने कहा कि बिजली कंपनी द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटर से आ रहे भारी बिलों की जांच कर उन्हें कम किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि बिजली कंपनी अपनी व्यवस्थाएं सुधारे ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
निशंक कुमार जैन ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी विद्युत उपभोक्ताओं के साथ मिलकर बिजली कंपनी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता, कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







