रामचंद्र रावत
केसरिया हिंदुस्तान/ब्यूरो प्रभारी महाराजगंज
महराजगंज। मुहर्रम के अवसर पर भीसवा स्थित कर्बला मैदान में इमाम हुसैन की शहादत की याद में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम पूरी श्रद्धा, आस्था और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। कर्बला मैदान में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए कुल 36 ताजियों का नियाज़-फ़ातिहा के बाद विधि-विधान से दफ़न किया गया।
इस दौरान कर्बला मैदान में पारंपरिक थकरी की गगनभेदी आवाज लगातार गूंजती रही, जिसने पूरे वातावरण को धार्मिक उत्साह से भर दिया। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने ताजियों के साथ पहुंचकर इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि अर्पित की और अमन-चैन की दुआ मांगी।
मेले में दूर-दराज के गांवों और कस्बों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं के साथ आए परिवारों ने मेले का आनंद लिया तथा विभिन्न दुकानों से घरेलू सामान, खिलौने, मिठाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। पूरे दिन मेले में भारी भीड़ बनी रही।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए थे। कर्बला मैदान से लेकर मेले के पूरे परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
धार्मिक आस्था, आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए भीसवा का यह पारंपरिक मुहर्रम मेला शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और मेले के सफल आयोजन की सराहना की।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







