कमलेश रजक/ जिला प्रतिनिधि
बलौदाबाजार। कसडोल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खर्वे में बीते 4 महीनों के भीतर 8 लोगों की हुई सिलसिलेवार संदिग्ध मौतों ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। इस मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए विधायक संदीप साहू ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा को पत्र सौंपकर घटना की सीबीआई एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की पुरजोर मांग की है। विधायक संदीप साहू ने अपने पत्र में ग्रामीणों के हवाले से बताया है कि आरोपी रामसहाय जायसवाल द्वारा शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों की हत्या की गई है। ग्रामीणों के बीच लंबे समय से गड़े धन की तलाश अंधविश्वास और बलि जैसी तांत्रिक अनुष्ठान गतिविधियों को लेकर चर्चाएं व्याप्त रही हैं। विधायक ने यह भी आशंका जताई है कि इस अपराध में आरोपी रामसहाय के साथ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं जिनके इशारे पर यह तांत्रिक क्रियाएं की जा रही थीं। वही पत्र के माध्यम से ग्रामीणों का मानना है कि इतने कम समय में 8 लोगों की मौत सामान्य नहीं है और आरोपी द्वारा पुलिस को दिए जा रहे बयान पूरी तरह भ्रामक हैं जिनसे ग्रामीण कतई सहमत नहीं हैं। विधायक संदीप साहू ने शासन से आग्रह किया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की सीबीआई एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि दोषियों को कड़ी सजा मिल सके और ग्रामीणों को न्याय मिल सके। इस पत्र के बाद अब पूरे जिले में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है और ग्रामीणों की निगाहें अब शासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







