नौशाद अहमद कुरैशी
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
मो. 9977365001
श्योपुर । ग्राम ननावद स्थित बाग के हनुमान जी महाराज के स्थान पर किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला की अगुवाई में क्षेत्रीय किसानों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक आंदोलन करने का रणनीति बनाई।
बैठक को संबोधित करते हुए किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला ने बताया कि लंबे समय से जिले में खाद की किल्लत एवं कालाबाजारी, कृषि पंपों पर बढ़े हुए बिजली बिल, बिजली कंपनी का भ्रष्टाचार, पानी एवं सिंचाई संकट, चंबल नहर में पानी छोड़े जाने की मांग, 167 करोड़ की चंबल सूक्ष्म सिंचाई परियोजना में भ्रष्टाचार, खेत सड़क योजना, नल-जल योजना एवं सड़क निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार, मूझरी बांध निर्माण की मांग तथा धान-गेहूं का बकाया मुआवजा जैसे गंभीर मुद्दों पर प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।
बैठक में किसानों ने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है कि किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं एकजुट होकर संघर्ष करें। यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा।
किसान नेता राधेश्याम मीणा मूंड़ला ने शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जिले का किसान लगातार गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है और शोषण का शिकार हो रहा है। ऐसे में प्रशासन किसानों के मुद्दों का तत्काल समाधान करे। उन्होंने किसानों से आने वाले समय में बड़े जनआंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







