केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो पवन सोलंकी 9977866230
पुलिस का साइबर जागरूकता रथ
पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस महानिदेशक महोदय के निर्देशन में पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से “सेफ क्लिक अभियान 2.0” का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में 24 जून से 08 जुलाई 2026 तक जिलेभर में 15 दिवसीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा।
अभियान के संचालन हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में जिले के सभी एसडीओपी, सीएसपी एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान के माध्यम से साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, यूपीआई फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति व्यापक जनजागरूकता विकसित की जाएगी।
*जिलेभर में होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम–*
15 दिवसीय अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, तकनीकी संस्थानों, बैंक शाखाओं, ग्राम पंचायतों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, शासकीय कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कार्यशालाएं, साइबर चौपाल, सेमिनार, नुक्कड़ नाटक, रैलियां, प्रश्नोत्तरी एवं सोशल मीडिया अभियान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल तथा अन्य डिजिटल सुरक्षा प्लेटफॉर्म की जानकारी प्रदान की जाएगी।
*रतलाम पुलिस तैयार करेगी ‘सायबर योद्धा’–* अभियान में पुलिस जिलेभर में “सायबर योद्धा” तैयार करेगी, जो अपने-अपने क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा के स्वयंसेवी जागरूकता दूत के रूप में कार्य करेंगे। इसके लिए एक डिजिटल पोर्टल के माध्यम से पंजीयन की व्यवस्था की गई है। सायबर योद्धा बनने के लिए QR कोड स्कैन कर पंजीयन कर सकेंगे।
इसके साथ ही नार्को योद्धा, ट्रैफिक मित्र भी बन सकेंगे।
विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक, बैंक अधिकारी, नगर निगम एवं पंचायत प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं को जोड़कर अधिक से अधिक नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुँचाया जाएगा।
*साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी–* अभियान के शुभारंभ अवसर पर नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं एडीएम विजेंद्र कुमार रावत द्वारा “सायबर योद्धा” अभियान का शुभारंभ किया गया तथा 15 दिवसीय जनजागरूकता कार्यक्रम के लिए साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, जिला पंचायत सीईओ, मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. अनीता मुथा, डीपीओ आशा शाक्यवार, एलडीएम मोहनलाल मीणा, उप पुलिस अधीक्षक आनंद सोनी, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
*पुलिस अधीक्षक की अपील–* पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी फर्जी लिंक, संदिग्ध डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी साझा करने या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, सायबर हेल्प डेस्क नंबर 7049127420 अथवा निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें।
नागरिकों से “सायबर योद्धा” बनकर स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के इस जनअभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







