दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो महेश वर्मा
टीकमगढ़। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश फूट पड़ा है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने अस्पताल चौराहे पर एक दिवसीय शांतिपूर्ण उपवास और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर तीखे सवाल खड़े करते हुए इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया।
पक्षपात का आरोप: ‘भाजपा प्रत्याशी को समय, कांग्रेस को नहीं’
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव किरण अहिरवार ने चुनाव अधिकारियों और सत्तापक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा मीनाक्षी नटराजन का नामांकन एक सुनियोजित साजिश के तहत जल्दबाजी में निरस्त किया गया। जिस मामले में कांग्रेस ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी पर आपत्ति दर्ज कराई थी, उन्हें अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय दिया गया। इसके विपरीत, कांग्रेस प्रत्याशी को अपना पक्ष रखने का समान अवसर तक नहीं मिला।
किरण अहिरवार ने भाजपा की नीतियों पर तंज कसते हुए आगे कहा, “एक ओर भाजपा नारी सम्मान और नारी वंदन का ढोंग करती है, वहीं दूसरी ओर गांधीवादी विचारधारा से जुड़ी एक सम्मानित महिला नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन द्वेषपूर्ण भावना से निरस्त करा देती है। पहले जनता का वोट चोरी किया जाता था, और अब सीधे सीट चोरी की जा रही है।”
लोकतंत्र की रक्षा का लिया संकल्प
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन साहू और अन्य वक्ताओं ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की भावना के विपरीत बताया। कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। विरोध स्वरूप उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उपवास रखकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस बड़े विरोध प्रदर्शन और उपवास कार्यक्रम में मुख्य रूप से किरण अहिरवार (प्रदेश कांग्रेस महासचिव), नवीन साहू (जिला कांग्रेस अध्यक्ष), अनीश खान (पार्षद), सूर्य प्रकाश मिश्रा, संजय नायक, डॉक्टर इसरार, पार्थ सिंह, अंकित जैन सहित युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और मुख्य संगठन के पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949






