नजाई मंडी में पर्ची सिस्टम से हुई दुकानदारों को दुकानें आवंटित,नजाई मंडी के बाहर हाथ ठेलो पर रोक

SHARE:

टीकमगढ़। नजाई सब्जी मंडी की सूरत अब बदली-बदली नजर आएगी। लंबे समय से अव्यवस्था और जाम की मार झेल रही मंडी को व्यवस्थित करने के लिए मंगलवार को प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया। नगर पालिका कर्मचारियों, यातायात पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुकानदारों को उनके निर्धारित और आवंटित स्थानों पर शिफ्ट किया गया।
​मंडी के भीतर लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी तय सीमा में ही दुकानें लगाएं और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
कलेक्टर के निरीक्षण के 15 दिन बाद एक्शन
​दरअसल, नजाई सब्जी मंडी में बने चार बड़े टीन शेडों पर रसूखदार बड़े दुकानदारों का कब्जा था। इस वजह से ग्रामीण अंचलों से आने वाले छोटे और गरीब सब्जी विक्रेताओं को भीषण धूप में खुले आसमान के नीचे बैठना पड़ता था। करीब 15 दिन पहले कलेक्टर विवेक श्रुति ने नगर पालिका की टीम और जनप्रतिनिधियों के साथ मंडी का औचक निरीक्षण किया था, जिसके बाद उन्होंने इस अव्यवस्था को सुधारने के कड़े निर्देश दिए थे।
​पर्ची सिस्टम से बांटी गईं दुकानें, बने ब्लॉक
​कलेक्टर के निर्देशों के पालन में भाजपा पार्षद अभिषेक खरे और नगर पालिका की टीम ने मिलकर टीन शेड के नीचे छोटे-छोटे ब्लॉक तैयार किए। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पर्ची सिस्टम (लॉटरी) के माध्यम से छोटे दुकानदारों को जगह आवंटित की गई।
​फुटकर गला व्यापारी, मिर्च-मसाला विक्रेता और फल ठेले वालों लिए अलग-अलग जोन तय किए गए हैं।
​ग्राहकों और व्यापारियों के वाहनों के लिए अलग से पार्किंग स्पेस रिजर्व किया गया है।
​सड़क पर ठेला लगाया तो होगी कार्रवाई, कटरा बाजार को जाम से मिलेगी मुक्ति
​मंगलवार को यातायात प्रभारी कैलाश पटेल भारी पुलिस बल और नपा टीम के साथ मौके पर मुस्तैद रहे। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि लुकमान चौराहा से लेकर कटरा बाजार तक मुख्य सड़क पर अब कोई भी फल या सब्जी का ठेला नहीं दिखेगा। सड़क जाम करने वाले इन सभी ठेलों को अब नजाई मंडी के अंदर ही जगह दे दी गई है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस नई व्यवस्था को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।
अगले 15 दिनों तक रहेगी पैनी नजर
​”नगर पालिका और यातायात विभाग की संयुक्त टीम अगले 15 दिनों तक सुबह-शाम इस व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग करेगी। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों की एक विशेष टीम को भी रोजाना निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि कोई दोबारा अतिक्रमण न कर सके। इस पहल से शहरवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी और लोग आसानी से खरीदारी कर सकेंगे।”
— अभिषेक खरे, भाजपा पार्षद

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई