जिले में उत्साहपूर्वक शुरू हुआ जनगणना का काम जनगणना के लिये निकले प्रगणक

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान से मुकेश चौधरी

प्रथम चरण में मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का काम
शिवपुरी। शिवपुरी जिले में 01 मई को उत्साहपूर्वक जनगणना का कार्य शुरू हुआ। पहले दिन प्रगणकों व सुपरवाइजर के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराए गए और सामग्री वितरण की गई। इसके बाद शासकीय सेवकों ने जनगणना का काम शुरू किया। आरंभ में प्रगणकों द्वारा नजरी-नक्शा तैयार किए।
जनगणना के लिये निकले प्रगणकों का स्थानीय निवासियों ने भी स्वागत किया।
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत शिवपुरी जिले में भी प्रथम चरण में 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकान गणना (एचएलबी) का कार्य किया जा रहा है। जनगणना कार्यक्रम के तहत प्रगणक घर-घर जाकर “Census 2027-HLO” मोबाइल एप का उपयोग कर डिजिटल डाटा संग्रह करेंगे। साथ ही लोगों द्वारा पोर्टल पर स्व-गणना के तहत भरी गई जानकारी का सत्यापन भी करेंगे। दोनों तरह से प्राप्त डाटा की बहुस्तरीय जाँच होगी। पहले यह कार्य पर्यवेक्षकों द्वारा किया जायेगा। साथ ही चार्ज अधिकारी भी मैदान में जाकर पुन: सत्यापन कर त्रुटियां ठीक करायेंगे।
कलेक्टर अर्पित वर्मा की अपील, जनगणना प्रगणकों को दें सही जानकारी
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अर्पित वर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि जनगणना के लिये आने वाले प्रगणकों को सही जानकारी दें। आपके द्वारा दी गई जानकारी पूर्णत: गोपनीय रहेगी।उन्होंने कहा है कि जनगणना के आंकड़े कल्याणकारी योजनाओं, संसाधनों के वितरण तथा निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन कार्य के लिये आधार बनते हैं। सही जानकारी से ही शुद्ध जनगणना होगी।
जनगणना के लिए 3904 प्रगणक/ सुपरवाइजर
शिवपुरी जिले में जनगणना कार्य के लिए 3904 प्रगणक/सुपरवाइजर की नियुक्ति की गई है जिसमें 3031 प्रगणक और 311 रिजर्व प्रगणक है। इसके अलावा 500 सुपरवाइजर और 62 रिज़र्व सुपरवाइजर है। कुल 22 चार्ज बनाए गए हैं। इसमें ग्रामीण क्षेत्र में 10 और नगरीय क्षेत्र के लिए 12 चार्ज हैं। जिले में 3388 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं।
जनगणना के प्रथम चरण में 34 बिंदुओं की जानकारी संकलित होगी
जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का काम किया जायेगा। जिसमें 34 बिंदुओं में जानकारी संकलित होगी। इसमें भवन व मकान नम्बर सहित मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, मकान किराए का है अथवा स्वयं का, कमरों की संख्या, परिवार के विवाहित दम्पत्तियों की संख्या, पेयजल के मुख्य स्त्रोत, पेयजल स्त्रोतों की उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्त्रोत, शौचालय की सुगमता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, परिसर के अंदर स्नान की सुविधा, रसोई घर व एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन, खाना पकाने के लिये प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ट्रांजिस्टर व टेलीविजन की उपलब्धता, इंटरनेट सुविधा, लेपटॉप/कम्प्यूटर की उपलब्धता, टेलीफोन, मोबाइल फोन व स्मार्ट फोन इत्यादि की उपलब्धता, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप व वैन, परिवार द्वारा उपयोग में लाए जाने वाले अनाज, मसलन चावल, गेहूं, ज्वार, बाजरा, मक्का व अन्य खाद्यान्न एवं मोबाइल फोन इत्यादि जानकारी शामिल है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment