आचार्य श्री ज्ञानसागर जी महाराज का 69वां अवतरण दिवस मुरैना में हर्षोल्लास से मनाया गया

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान पंकज जैन

अम्बाह। मुरैना। परम् पूज्य गुरुदेव राष्ट्रसंत श्री ज्ञान तीर्थ प्रणेता आचार्य श्री 108 ज्ञानसागर महाराज का 69वां अवतरण दिवस मुरैना में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह पावन आयोजन श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़ा मंदिर रोड स्थित परिसर में संपन्न हुआ, जिसे आचार्य श्री की जन्मस्थली एवं उनकी बाल क्रीड़ा भूमि भी माना जाता है। इस अवसर पर सकल जैन समाज मुरैना द्वारा आचार्य श्री के चित्र का विधिवत अनावरण किया गया। इसके पश्चात श्रद्धा और भक्ति के भाव से गुरुदेव की मंगल आरती की गई। पूरे मंदिर परिसर में जयकारों और भक्ति गीतों से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गुरुभक्त एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने आचार्य श्री के जीवन, उनके तप, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि आचार्य श्री का जीवन संयम, अहिंसा और आत्मशुद्धि का अनुपम उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। इसके बाद कार्यक्रम में मन, वचन और आहार की शुद्धि की भावना से सात्विक भोजन एवं शीतल पेय जल का वितरण किया गया। सेवा भाव के साथ आयोजित इस अन्नदान कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। भीषण गर्मी के बीच शीतल पेय और भोजन पाकर श्रद्धालुओं ने संतोष एवं आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं होते, बल्कि ये समाज में सद्भाव, सेवा और एकता का संदेश भी देते हैं। आचार्य श्री के आदर्शों पर चलकर ही जीवन को सही दिशा दी जा सकती है। अंत में आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और इस बात पर बल दिया कि आचार्य श्री के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही सच्ची पुष्पांजलि है। पूरा आयोजन भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment