राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

SHARE:

ब्यूरो सुल्तानपुर
तकी मेंहदी

सुलतानपुर। राणा प्रताप महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग में ‘राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस’ के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण लोकतंत्र, पंचायती व्यवस्था एवं जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालना रहा।
विषय का प्रवर्तन करते हुए विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मंजू ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत राज दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि भारत की अर्थव्यवस्था एवं सामाजिक संरचना में किसानों और ग्रामीण जनजीवन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोग पूरे देश के भरण-पोषण का आधार हैं, इसलिए उनकी राजनीतिक सहभागिता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि संविधान के नीति निर्देशक तत्वों में ग्राम पंचायतों एवं लघु कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन देने का उल्लेख किया गया था, जिसे 73वें संवैधानिक संशोधन (1993) के माध्यम से व्यवहारिक रूप दिया गया। महात्मा गांधी के ‘भारत गांवों में बसता है’ विचार को उद्धृत करते हुए उन्होंने कहा कि गांवों का विकास ही देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त करता है। इसी उद्देश्य से त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था लागू की गई, जो लोकतंत्र को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाती है। संगोष्ठी में स्नातकोत्तर प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्रा साक्षी मिश्रा ने कहा कि आज पंचायतें तकनीक के समन्वय से निरंतर प्रगति कर रही हैं। शिवानी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत, क्षेत्रीय पंचायत और जिला पंचायत के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को सहभागिता का अवसर प्राप्त होता है। दीपांशु ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रारंभ में स्थानीय शासन को संविधान के भाग-4 में स्थान दिया गया था, किंतु 1993 में इसे संवैधानिक दर्जा देकर ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर सशक्त मंच प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. अभय सिंह एवं डॉ. आलोक कुमार पांडे भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अंजना सिंह ने किया।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment