के.एम. विश्वविद्यालय में ’विश्व पशु चिकित्सा दिवस’ पर संगोष्ठी विशेषज्ञों ने पशु स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा पर साझा किए विचार

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी

पशु चिकित्सक किसानों की समृद्धि और राष्ट्र के स्वास्थ्य के वास्तविक रक्षक : किशन चौधरी
मथुरा। के.एम. विश्वविद्यालय के एसएम कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस एंड एनिमल रिसर्च द्वारा ’विश्व पशु चिकित्सा दिवस’ के अवसर पर विश्वविद्यालय के सभागार में एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस वर्ष का मुख्य विषय “पशु चिकित्सकः भोजन और स्वास्थ्य के रक्षक” रहा, जिसके माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में पशु चिकित्सकों के अतुलनीय योगदान को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “पशु चिकित्सक न केवल बेजुबान जानवरों की सेवा करते हैं, बल्कि वे सुरक्षित भोजन और जन स्वास्थ्य सुनिश्चित करने में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। न बोलने वाले जीवों की सेवा से बढ़कर कोई पुण्य नहीं है।“ उन्होंने वेटरनरी कॉलेज को अपना सपना बताते हुए छात्रों को शोध के क्षेत्र में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
संगोष्ठी के दौरान वेटरनरी क्लिनिक प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ने चौंकाने वाले तथ्य साझा करते हुए बताया कि दुनिया भर में उभरने वाले लगभग 75 प्रतिशत संक्रामक रोग पशु-जनित हैं। उन्होंने कहा कि रेबीज और ब्रुसेलोसिस जैसी बीमारियां समाज के लिए बड़ी चुनौती हैं, जिनसे निपटने में पशु चिकित्सक ’पहली पंक्ति के योद्धा’ की तरह कार्य करते हैं। पशुओं की खाद्य सुरक्षा पर प्रकाश डालते हुए वेटरनरी डीन डॉ. अजय प्रकाश ने पशुओं से प्राप्त होने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता और सुरक्षा पर जोर दिया। वहीं ग्रामीण उत्थान पर कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह ने ग्रामीण स्तर तक बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुँचाने के लक्ष्य पर प्रकाश डाला। कुलपति डॉ. एनसी प्रजापति ने कॉलेज की सफलताओं की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कुलाधिपति ने वरिष्ठ पशु चिकित्सक एवं प्रिंसिपल डा. पिताम्बर सिंह के साथ वेटरनरी की चिकित्सकीय टीम को पटुका पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. अजय प्रकाश तथा कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा सिंह ने किया और समापन सलाहकार डॉ. एसपी गोस्वामी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर मेडिकल प्राचार्य डॉ. पीएन भिसे, डा. आरके गुप्ता, प्रिंसिपल डिप्लोपा डा. पिताम्बर सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर डा. नेहा सिंह, असिटेंट प्रोफेसर डा. अभिषेक कुमार, डा. अनुज शर्मा, डा. गिरीश कुमार गुप्ता के अलावा विवि के समस्त फैकल्टी के डीन, प्रोफेसर और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई