केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता
इंदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम नौगुआ में हनुमान मंदिर के सामने बने चबूतरे को लेकर चल रहा विवाद आखिरकार प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया। इस मामले में ग्राम निवासी नीरज पचोरी द्वारा दतिया कलेक्टर से शिकायत की गई थी कि मंदिर के ठीक सामने संतोष कुशवाहा द्वारा चबूतरा निर्माण कर लिया गया है, जिससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत के आधार पर शुक्रवार को नायब तहसीलदार जी.एल. भारती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों पक्षों को मौके पर बुलाकर उनकी बात सुनी और समझाइश दी। प्रशासन की मौजूदगी में आपसी सहमति बनाते हुए रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया, जिससे मंदिर तक जाने का मार्ग पूरी तरह से साफ हो गया।
नायब तहसीलदार जी.एल. भारती ने बताया कि मंदिर के सामने बने चबूतरे को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया गया और सहमति के साथ रास्ते से अतिक्रमण हटा दिया गया है। अब मंदिर जाने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
वहीं शिकायतकर्ता नीरज पचोरी ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने समय पर हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान किया, जिससे गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है।
इस दौरान कार्रवाई में राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की टीम भी मौजूद रही। मौके पर आरआई रामखिलावन, पटवारी पूजा, विवेक सोनी, विवेक तिवारी, दीपक अहिरवार सहित पुलिस स्टाफ ने सहयोग करते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया। प्रशासन की इस पहल से गांव में विवाद की स्थिति समाप्त हो गई है और अब आवागमन सुचारू रूप से हो रहा है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







