कांकेर। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस जिला मुख्यालय कमल सदन कांकेर सहित जिले के सभी 16 मंडलों एवं समस्त बूथों में धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भाजपा कार्यालय कमल सदन कांकेर में जिलाध्यक्ष महेश जैन द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसी के साथ 12 अप्रैल तक चलने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही पार्टी के दिवंगत नेताओं एवं वरिष्ठजनों को उनके योगदान के लिए याद किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष महेश जैन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है, जो भारत को सुदृढ़, समृद्ध और शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित अधिवेशन में पार्टी का गठन हुआ था, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भाजपा को देश में व्यापक जनसमर्थन प्राप्त है।
विधायक आशा राम नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पार्टी का उद्देश्य आधुनिक सोच के साथ प्रगतिशील समाज का निर्माण करना है, जो भारतीय संस्कृति और मूल्यों से प्रेरित हो।
वरिष्ठ आदिवासी नेता विजय कुमार मण्डावी एवं जिला उपाध्यक्ष अशोक वलेचा ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानवदर्शन’ को अपने वैचारिक आधार के रूप में अपनाती है। उन्होंने बताया कि पार्टी अंत्योदय, सुशासन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, विकास और सुरक्षा पर विशेष बल देती है तथा ‘पंचनिष्ठा’ के सिद्धांतों—राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, सकारात्मक पंथनिरपेक्षता, गांधीवादी समाजवाद और मूल्य आधारित राजनीति—का पालन करती है।
कार्यक्रम के जिला संयोजक राजा देवनानी ने कहा कि भाजपा आज देश की एक प्रमुख राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में स्थापित हो चुकी है और सुशासन, विकास तथा राष्ट्रीय एकता के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, जो ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा उपस्थित जनों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन गिरधर यादव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दिनेश रजक ने किया।
इस अवसर पर भरत मटियारा, शालिनी राजपूत, सुमित्रा मारकोले, दिलीप जायसवाल, हलधर साहू, अरविंद जैन, संजय सिन्हा, उत्तम जैन, अनीता सोनी, राजीव लोचन सिंह, बृजमोहन तिवारी, प्रदीप जायसवाल, अरुण कौशिक, दीपक खटवानी, डॉ. देवेन्द्र कुमार साहू, विजय लक्ष्मी कौशिक, पूर्णिमा कावड़े, शकुंतला जैन, टिंकू दुग्गा, राकेश शर्मा, डॉ. ईश्वर सिन्हा, पीला राम नेताम, देवेन्द्र सिंह भाऊ, ईश्वर कावड़े, घनेंद्र ठाकुर, पीयूष वलेचा, राजू नेताम, दीपांशु जैन, वासुदेव जैन, बीरेंद्र श्रीवास्तव, अंजू नेगी, देवेन्द्र यादव, सागर मेश्राम, आरती यादव, सर्वेश चौहान, शालू मेमन, आदिप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







