हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान
आलीराजपुर। राजनीति और विचारधारा से ऊपर उठकर मानवता का परिचय देते हुए जोबट विधायक सेना पटेल एवं आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने गंभीर बीमारी से जूझ रहे भाजपा के कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह कनेस (राजू भाई) को आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवता की मिसाल पेश की है।
ग्राम उदयगढ़ निवासी एवं पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह कनेस मुंह के कैंसर से पीड़ित हैं और वर्तमान में गुजरात के वागोडिया स्थित मुनि आश्रम अस्पताल में उपचाररत हैं। उनकी बीमारी और आर्थिक संकट को लेकर सोशल मीडिया पर सहायता की अपील वाली एक भावुक पोस्ट वायरल हुई थी।
जानकारी मिलते ही विधायक सेना पटेल एवं महेश पटेल ने दूरभाष पर राजेंद्रसिंह कनेस से चर्चा कर उनका हाल चाल जाना तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने तत्काल निजी स्तर पर 25 हजार तथा स्वेच्छानुदान मद से 25 हजार रुपए की सहायता उपलब्ध करवाई। साथ ही मुख्यमंत्री सहायता निधि से अतिरिक्त आर्थिक सहयोग दिलाने के लिए कलेक्टर को भी पत्र प्रेषित किया है।
बताया गया कि राजेंद्रसिंह कनेस का परिवार पहले से ही आर्थिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है। कुछ समय पूर्व उनके पुत्र के गंभीर उपचार में भी परिवार को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ा था। ऐसे में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी ने परिवार की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
इस अवसर पर विधायक सेना पटेल एवं महेश पटेल ने कहा कि उनके लिए दल और विचारधारा से पहले मानवता सर्वोपरि है। संकट की घड़ी में किसी जरूरतमंद के साथ खड़ा होना ही जनप्रतिनिधि और समाजसेवी का वास्तविक दायित्व है।
क्षेत्र में जनसेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए पहचाने जाने वाले दोनों नेताओं की इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर की गई यह सहायता समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







