पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे दबोचे, एक के पैर में लगी गोली मथुरा, आगरा व राजस्थान में लूट की वारदातों में थे शामिल, दो लूटी बाइक, तमंचे और नकदी बरामद

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान फैसल कुरैशी

चौमुहाँ। थाना जैत पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से थाना मगोर्रा क्षेत्र से लूटी गई दो मोटरसाइकिलें, बस कंडक्टर से लूटी गई नकदी, दो अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मथुरा के अलावा आगरा और राजस्थान में भी लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार तड़के करीब 1:15 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि थाना जैत में दर्ज लूट के मुकदमे के आरोपी एसकेएस यूनिवर्सिटी से पहले हाईवे से तरौली जाने वाले रास्ते पर किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया।
घायल बदमाश की पहचान महोली निवासी 22 वर्षीय मोहित पुत्र रेवती प्रसाद के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार दूसरा आरोपी 19 वर्षीय अजीत पुत्र रामवीर निवासी महोली थाना हाईवे है। घायल मोहित को प्राथमिक उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त अस्पताल वृंदावन भेजा गया।
पुलिस ने मोहित के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, 1100 रुपये नकद तथा यूपी-85 सीक्यू-0810 नंबर की लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं अजीत के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 900 रुपये नकद तथा आरजे-05 एसएफ-6571 नंबर की लूटी हुई मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी थाना मगोरा क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं के साथ ही बस कंडक्टर से लूट की वारदात में भी शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों के खिलाफ थाना जैत और मगोरा में लूट एवं आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। साथ ही आगरा और राजस्थान में इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुठभेड़, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment