दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान उपेन्द्र सिंह
आजमगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के तहत जनपद की विधान सभा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन शुक्रवार को कर दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बूथवार मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई।
अंतिम प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार जनपद में कुल 33,62,770 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 18,29,710 पुरुष, 15,33,011 महिला तथा 49 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। इससे पूर्व 6 जनवरी 2026 को आलेख्य प्रकाशन के समय कुल 31,47,652 मतदाता थे।
पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण में बड़ी संख्या में नाम जोड़े और हटाए गए। आंकड़ों के मुताबिक कुल 2,31,303 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया, जबकि 19,984 नाम हटाए गए। इसके अलावा फार्म-6, 7 और 8 के हजारों आवेदन प्राप्त हुए, जिनका नियमानुसार निस्तारण किया गया।
इस दौरान डेटा मैपिंग एवं लॉजिकल त्रुटियों से जुड़े कुल 7,68,547 मामलों में नोटिस जारी कर शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। पूरे अभियान को सफल बनाने में 4,387 बूथ लेवल अधिकारी, 271 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 10 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिले में मतदाताओं की सहायता के लिए बीएलओ ऐप पर 15,566 कॉल प्राप्त हुईं, जबकि एनजीएसपी पोर्टल पर दर्ज 2,139 शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल विश्वकर्मा ने जनपद के मतदाताओं से अपील की है कि वे अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का निरीक्षण अपने मतदान केंद्र, निर्वाचन कार्यालय या संबंधित कार्यालय में निःशुल्क कर सकते हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है, तो वह फार्म-6 के माध्यम से ऑफलाइन या Voter Helpline App व आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







