डॉ संजय जोशी, केसरिया हिंदुस्तान
बेंगलूरु। जीतो बेंगलूरु टीम द्वारा आयोजित “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन गांधीनगर स्थित फ्रीडम पार्क में अत्यंत उत्साह, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। शुभ मंगल प्रभात से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और आस्था, भक्ति एवं उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ जीतो के पदाधिकारियों, गणमान्य अतिथियों एवं सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर चतुर्विध धर्मसंघ एवं सभी अतिथियों का भावभीना स्वागत किया गया। जीतो बेंगलूरु नॉर्थ के चेयरमैन विमल कटारिया ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि नवकार महामंत्र दिवस का यह पावन अवसर हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है, जो विश्व में शांति का संदेश पहुंचाने का माध्यम बना है। उन्होंने कहा कि जैन समाज की प्रतिभाएं आज विभिन्न उच्च पदों पर रहते हुए भी अपनी आस्था और सकारात्मक सोच से समाज की एकता और उन्नति को निरंतर सशक्त कर रही है।
जीतो बेंगलूरु साउथ के चेयरमैन रणजीत सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “विश्व नवकार महामंत्र दिवस” केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक शांति एवं विश्व कल्याण की भावना से जुड़ा पावन अवसर है। उन्होंने बताया कि “श्रमण आरोग्यम” एवं जेबीएन नेटवर्किंग जैसे प्रकल्पों के माध्यम से जीतो समाज सेवा एवं आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन बैंगलोर नॉर्थ के महामंत्री विजय सिंघवी एवं बैंगलोर साउथ के महामंत्री नितिन लुनिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। दोनों महामंत्रियों ने कहा कि यह आयोजन टीमवर्क, समर्पण और सामूहिक प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा। कार्यक्रम में प. पू. मुनिराज मलयप्रभसागरजी म.सा. आदि ठाणा का सान्निध्य प्राप्त हुआ। उनके पावन मार्गदर्शन में नमस्कार महामंत्र का सामूहिक जाप अत्यंत श्रद्धा एवं एकाग्रता के साथ किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्यता से भर उठा। मुनिश्री ने कहा कि एक ही समय में विश्वभर में नवकार महामंत्र का जाप करना विश्व शांति का सशक्त संदेश है और यह जीतो की अद्भुत पहल है। उन्होंने आगे कहा कि नवकार महामंत्र के नियमित जप से आत्मिक शांति, ऊर्जा एवं जीवन में संतुलन प्राप्त होता है, जो शाश्वत सुख का मार्ग प्रशस्त करता है। प.पू. लोकेश मुनिजी म.सा. ने मंगल पाठ प्रदान करते हुए कहा कि नवकार महामंत्र जैन श्रावक की आस्था का मूल आधार है और इसका स्मरण जीवन की अंतिम श्वास तक बना रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक कमाई धन-संपत्ति नहीं, बल्कि जप और तप है, जो आत्मकल्याण का मार्ग है। उन्होंने प्रेरित किया कि जीवन में ऐसी भावना हो कि जप-तप करते हुए ही इस संसार से विदा लें—यही सर्वोत्तम साधना है। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन युवा प्रेरक स्मित कोठारी ने किया। संगीतकार पारस गड़ा एवं श्री जैनम वारिया ने मधुर स्वरलहरियों के साथ नवकार महामंत्र की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु ध्यानमग्न हो गए।
“एक विश्व, एक मंत्र – शांति के लिए सामूहिक जाप” के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व शांति का संदेश दिया।
कर्नाटक उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एमआई. अरुण ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवकार महामंत्र “मंत्रों में मंत्र” है, क्योंकि यह किसी व्यक्ति विशेष नहीं, बल्कि श्रेष्ठ गुणों की वंदना करता है। उन्होंने कहा कि यह महामंत्र अहिंसा, वीतरागता एवं सर्वकल्याण की भावना का संदेश देता है और त्याग में ही सच्चा सुख निहित है। इस दौरान कर्नाटक सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री दिनेश गुंडूराव ने कहा कि विश्व शांति के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रेम, भाईचारे एवं अहिंसा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है। मनोज जैन (खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभाग) ने कहा कि नवकार महामंत्र एक अद्भुत एवं सार्वभौमिक मंत्र है, जो समाज को एकता के सूत्र में पिरोता है। उन्होंने आग्रह किया कि जनगणना में “जैन” शब्द को नाम के साथ जोड़कर समाज की पहचान को और सशक्त बनाया जाए। उल्लेखनीय है कि भारत के गृह मंत्री अमित शाह का जप अनुष्ठान विज्ञान भवन, नई दिल्ली से ऑडियो-वीडियो माध्यम द्वारा प्रसारित किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने ध्यानमग्न होकर सुना। कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी जीतो बेंगलूरु नॉर्थ के संयोजक प्रवीण चौहान एवं सहसंयोजक सुनील लोढ़ा तथा जीतो बेंगलूरु साउथ के संयोजक महेंद्र रांका एवं सहसंयोजक महावीर दांतेवाड़िया ने कुशलतापूर्वक निभाई। अंत में आयोजकों ने सभी साधु-संतों, अतिथियों, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता से यह आयोजन ऐतिहासिक एवं सफल बन पाया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







