खुले में फेंकी जा रहीं एक्सपायर दवाएं , इस्तेमाल सिरींज:-ग्राम एराया उप स्वास्थ्य केंद्र का है मामला ,
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल —
भितरवार — भितरवार अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले ग्राम एराया के उपस्वास्थ्य केंद्र की हालात दयनीय है। अस्पताल के आसपास गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को संक्रमण का खतरा बना हुआ है। जहां बाहर भी गंदगी फैली हुई है। इस केंद्र में इस्तेमाल की गई सिरिंज और दवाइयां डस्टबिन की जगह खुले में फेंकी जा रही हैं, जिससे संक्रमण का खतरा और बढ़ गया है।
अस्पताल में एक्सपायर हो चुकी दवाइयां भी खुले में फेंकी जा रही हैं। डॉक्टरों द्वारा इस्तेमाल किए गए ग्लव्स और मास्क भी खुले में फेंके जा रहे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग का ये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमारी का केंद्र बन चुका है, जहां साफ-सफाई का कोई इंतजाम नहीं है। अस्पताल में डस्टबिन का उपयोग नहीं हो रहा है, बल्कि डस्टबिन खुद कूड़े में फेंका हुआ है। कोई भी अधिकारी तैयार नहीं है, जिससे मरीजों को समय पर उचित स्वास्थ्य सेवा नहीं मिल पा रही है। संबंधित अधिकारी सिर्फ कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति करते नजर आते हैं। इस केंद्र पर आसपास के लोग अपने इलाज के लिए आते हैं, लेकिन यहां की बदतर हालत देखकर उनकी उम्मीदें टूट जाती हैं। अस्पताल की सफाई व्यवस्था और सुविधाओं की कमी के कारण लोग अपनी बीमारी का इलाज कराने की बजाय और अधिक बीमार होने का खतरा मोल लेते हैं। जिसका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है जिसमे खुले में एक्सपायरी दवाएं बाहर डली हुई है अगर ये किसी बच्चे ने खा ली तो ये जानलेवा भी हो सकती है जो अस्पताल में बैठे जिम्मेदारों की बड़ी लापरवाही है अब देखना है स्वास्थ्य विभाग इन लापरवाह अफसरों पर लगाम लगाएगा या यह सब ऐसे ही चलता रहेगा ।
*कई बार की शिकायत , सुनने वाला कोई नहीं -*
स्वास्थ्य केंद्र में गंदगी और अव्यवस्था की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य केंद्र की यह दुर्दशा न केवल मरीजों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है, बल्कि यह स्वास्थ्य विभाग की नाकामी का भी जीता-जागता उदाहरण है।
इनका कहना है — वीडियो के माध्यम से मेरे संज्ञान में ये मामला आज आया है जांच की जाएगी जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कार्यवाही की जावेगी । — डॉ अशोक खरे सीबीएमओ भितरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भितरवार







